भाजपा सरकार क्रूरता से किसानों को प्रताड़ित कर रही -कांग्रेस

 कांग्रेसियों ने पद यात्रा में किया जनजागरण

कानपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में विधायक  सोहेल अंसारी एवं अध्यक्ष  हर प्रकाश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कॉंग्रेस जनों ने 136 वें कॉंग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर छावनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रो में विशाल कांग्रेस संदेश पदयात्रा निकाल कर जनजागरण किया और किसान आंदोलन के समर्थन में आम जनमानस के बीच कॉंग्रेस पार्टी का पत्रक वितरित किया। 

भव्य रूप से सजाये तिरंगे रथ व बड़े बड़े तिरंगे झंडों के साथ निकली विशाल कॉंग्रेस संदेश यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल क्षेत्रीय नागरिको की भागीदारी से किसानों के पक्ष में माहौल बनता दिखाई पड़ा। कॉंग्रेस संदेश यात्रा ओम पुरवा चुंगी से प्रारम्भ होकर चन्द्रनगर चंदारी, यादव चौराहा, परदेवन पुरवा, पोखरपुर, हरजिंदर नगर चौकी, आनंद नगर, डिफेंस कालोनी, गंगा विहार होते हुए केडीए तेल मिल चौराहा पहुँच कर समाप्त हुई। 

कॉंग्रेस संदेश पदयात्रा में सैकड़ों कॉंग्रेस जन तिरंगी टोपियां पहने हुए थे और पूरे मार्ग भर राष्ट्रीय धुन बज रही थी। इस विशाल संदेश यात्रा का स्थानीय नागरिकों ने जगह जगह फूल बरसा कर कॉंग्रेस नेताओं का फूलमालाओ से भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रदेश कॉंग्रेस उपाध्यक्ष विधायक सोहिल अंसारी ने कहा कि देश को आजाद कराने से लेकर उसे समृद्ध बनाने तक जो कुर्बानी नेहरू गांधी परिवार ने दी है उसकी मिसाल मिलना मुश्किल है। 

भाजपा सरकार द्वारा आज लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त करने, लोकतंत्र को कुचलने और किसानो का दमन करने के लिए जो घिनौना काम शुरू किया गया है उससे निजात दिलाने के लिए नेहरू गांधी परिवार आज फिर से सड़कों पर निकल कर आया है।

यात्रा सभा को संबोधित करते हुए कॉंग्रेस अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री कहा कि भाजपा सरकार द्वारा अन्नदाता किसानों के विरोध में लाया गया कृषि कानून देश के गिने चुने मोदी के मित्र धन्नासेठों को फायदा पहुंचाने के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि आज देश भर का किसान आंदोलित है. इस ठिठुरती ठंड में सैकड़ों किसानों की जाने चली गई। इधर शांति पूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज कुचलने और उनका दमन करने के लिए भाजपा सरकार क्रूरता से किसानों को प्रताड़ित कर रही, इसे कॉंग्रेस ज़न कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे और इस किसान विरोधी सरकार को उखाड़ कर फेंक देंगे। 

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

..आपने मुन्ना को देखा है?

यूपी सरकार में दवा व्यवसाई भी सुरक्षित नहीं?